तो मास्टर हो तो...
क्या मास्टरी ही करोगे?
कभी अध्यापक को राष्ट्र-निर्माता कहा जाता था। समाज में उसका एक सम्मान था। विद्यालय में उसका काम बच्चों को पढ़ाना, उनके व्यक्तित्व का निर्माण करना और उन्हें बेहतर नागरिक बनाना था। लेकिन लगता है कि सरकारों ने इस बात को अब पुरानी बात, बेकार की बात मान लिया है। अब अध्यापक केवल अध्यापक नहीं रहा। वह जनगणना कर्मी है, चुनाव कर्मी है, बीएलओ है, सर्वेक्षक है, डाटा एंट्री ऑपरेटर है, मध्याह्न भोजन प्रबंधक है, परीक्षा नियंत्रक है, रिजल्ट निर्माता है और जरूरत पड़ने पर सरकारी योजनाओं का चलता-फिरता प्रचार कार्यालय भी है।
सरकारी व्यवस्था ने अध्यापक को ऐसा बहुउद्देशीय उपकरण बना दिया है, जिसमें बस एक ही कमी है... उसे अभी तक बिजली से चलने वाला नहीं बनाया जा सका है!
इधर जनगणना का काम सिर पर है, उधर चुनाव आयोग ने बीएलओ की जिम्मेदारी थमा दी है। विद्यालय में बच्चे भी हैं, जिन्हें पढ़ना है। परीक्षाएँ भी हैं, जिनके प्रश्नपत्र बनाने हैं। उत्तर पुस्तिकाएँ भी हैं, जिन्हें जाँचना है। परिणाम भी घोषित करना है। ऊपर से अधिकारियों के आदेश हैं कि कोई काम लंबित नहीं रहना चाहिए।
अब कोई पूछे कि साहब, अध्यापक बच्चों को पढ़ाए या सरकारी फाइलों को? ब्लैकबोर्ड पर गणित समझाए या मोबाइल पर मतदाता सूची का मिलान करे? बच्चों का भविष्य बनाए या जनगणना का डाटा अपडेट करे?
लेकिन व्यवस्था को इन सवालों से क्या लेना-देना! उसके लिए तो अध्यापक एक ऐसा कल्पवृक्ष है, जिसकी हर शाखा से मनचाहा सरकारी काम का फल तोड़ा जा सकता है।
और महिला अध्यापकों की स्थिति तो पूछिए ही मत!..
विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने के बाद घर लौटती हैं तो वहाँ दूसरी पारी उनका इंतजार कर रही होती है। घर की साफ-सफाई, रसोई, नाश्ता, खाना, बर्तन, बच्चों की पढ़ाई, पति की फरमाइशें और सास-ससुर की जरूरतें। यानी सरकारी विभागों ने उन्हें दिन में कर्मचारी और घर ने चौबीसों घंटे घरेलू मंत्रालय का स्थायी सचिव बना रखा है।
उनके लिए कोई अलग से छुट्टी का प्रावधान नहीं है। न घर में उपस्थिति पंजिका है, न काम का समय निर्धारित है और न ही अतिरिक्त श्रम का कोई मानदेय!
सरकार को शायद लगता है कि महिला अध्यापिका के पास दो नहीं, चार हाथ होते हैं। एक हाथ से बच्चों को पढ़ाएगी, दूसरे से जनगणना करेगी, तीसरे से चुनावी ड्यूटी निभाएगी और चौथे से घर का खाना बनाएगी। बाकी काम वह मानसिक शक्ति से कर लेगी!
विडंबना देखिए कि जिस देश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए बड़े-बड़े सम्मेलन होते हैं, वहाँ शिक्षक का सबसे कीमती समय शिक्षा से इतर कामों में खर्च किया जा रहा है। फिर जब विद्यालयों का शैक्षिक स्तर अपेक्षित नहीं होता तो सवाल भी उसी अध्यापक से पूछे जाते हैं।
यह कुछ वैसा ही है जैसे किसी रसोइए को दिन भर खेत में हल चलाने, बाजार में सामान बेचने और मकान बनाने के काम में लगा दिया जाए और शाम को उससे पूछा जाए कि भोजन स्वादिष्ट क्यों नहीं बना!
सरकारी विभागों की अपनी मजबूरियाँ होंगी। जनगणना भी जरूरी है, चुनाव भी लोकतंत्र का अनिवार्य हिस्सा हैं। लेकिन क्या इन महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देश में अलग कर्मचारी व्यवस्था विकसित नहीं की जा सकती? क्या हर विभाग की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग के अध्यापकों के कंधों पर डाल देना ही उचित है?
अध्यापक कोई सरकारी कामों का अनलिमिटेड डेटा पैक नहीं है कि जितना चाहे इस्तेमाल कर लिया जाए!
और अंत में एक छोटी-सी प्रार्थना सरकार से...
हे सरकार! अध्यापक को थोड़ा अध्यापक भी रहने दीजिए। उसे बच्चों के बीच बैठने दीजिए। उनके सवाल सुनने दीजिए। उनकी जिज्ञासाओं को पंख देने दीजिए। क्योंकि जनगणना के आंकड़े और मतदाता सूची तो हर कुछ वर्षों में बदल जाएँगे, लेकिन आज जिस बच्चे का बचपन और शिक्षा उपेक्षित हो रही है, उसका खोया हुआ समय वापस नहीं आएगा।
याद रखिए, अध्यापक से आप जितने चाहें सरकारी काम करवा सकते हैं, लेकिन उससे बच्चों के भविष्य की कीमत पर प्रशासनिक सुविधाएँ मत खरीदिए।
क्योंकि जिस व्यवस्था में अध्यापक को पढ़ाने की फुर्सत नहीं, उस व्यवस्था में शिक्षा के भविष्य की चिंता करने की फुर्सत किसे होगी?
क्या गज़ब है!.. सरकार को अध्यापक का समय चाहिए, समाज को उसका श्रम चाहिए, परिवार को उसकी सेवा चाहिए, लेकिन अध्यापक को स्वयं अपने पेशे के लिए समय नहीं मिल रहा!...अपने लिए, अपनी जिंदगी, अपने स्वास्थ्य की चिंता करने की बात तो खैर पूछिए ही मत!
😔😔😔😔🕉️ हरि 🕉️😔😔😔😔
#जंग_लड़ना #जनगणना #Census2027 #सरकारी_नौकरी

शिक्षकों पर बढ़ते गैर-शैक्षणिक बोझ को यह लेख , बहुत ही उच्च कोटि और संवेदना के साथ बखूबी उठाता है। "बिजली से न चलने वाला बहुउद्देशीय उपकरण" जैसी पंक्तियाँ मुस्कान भी देती हैं और सोचने पर मजबूर भी करती हैं। महिला शिक्षिकाओं की "दूसरी पारी" का चित्रण विशेष रूप से सराहनीय और प्रभावशाली है।
ReplyDeleteधन्यवाद आपको!..आपकी समझ और संवेदना प्रेरणास्पद है!🌹🙏
Delete