Skip to main content

कविता में अलंकार

    



     काव्य की आत्मा और अलंकार

                                                           - रमेशराज

https://youtu.be/pRkt2hryOYw

       वैसे तो भामह, दण्डी, उद्भट आदि अलंकारवादियों ने यह बात बलपूर्वक या स्पष्टरूप से नहीं कही है कि अलंकार काव्य की आत्मा होते हैं लेकिन इन आचार्यों की कुछ मान्यताएं ऐसी आवश्य रही हैं, जिनके आधार पर अलंकार को काव्य का सर्वस्व एवं अनिवार्य तत्त्व स्वीकार किया गया है। इसी बात का सहारा लेकर कुछ अलंकारवादियों ने यह कहना प्रारम्भ कर दिया कि अलंकार काव्य की आत्मा होता है। 
भामह के अनुसार- ‘‘अलंकार काव्य का एक आभूषण तत्त्व होता है जिसके रूपकादि अलंकार काव्य में इस प्रकार आवश्यक हैं, जिस प्रकार किसी नारी का सुन्दर मुख भी आभूषणों के बिना शोभित नहीं होता है।’’ 
दण्डी कहते हैं-‘‘काव्य शोभा करान् धर्मान् अलंकारान प्रचक्षते’ अर्थात् काव्य-शोभा को धर्म के अलंकार द्वारा ही आलोकित किया जा सकता है।
उद्भट ने रस को भी अलंकारों की सीमा में बांधते हुए कहा कि- ' जहां स्वशब्द स्थायी, संचारी, विभाव तथा अभिनय के सहारे  श्रृंगारादि नाट्य रस स्पष्ट होते हैं वहां रसवद्अलंकार होता है।


भामह, दण्डी और उद्भट द्वारा उल्लिखित मान्यताओं के आधार पर इतना तो स्पष्ट है कि अलंकार काव्य को शोभायमान बनाते हैं पर यह शोभा काव्य के स्थल, वाह्य रूप, अर्थात् शिल्पपक्ष की शेाभा है। इसलिये अलंकारों की आत्मतत्त्व के रूप में स्थापना संदिग्ध है। जहां तक ‘रसवत् अलंकार’ की बात है तो इस बारे में डॉ. राकेश गुप्त का यह कथन दृष्टव्य है-‘‘अलंकारवादी आचार्यों [ भामह, दण्डी, उद्भट ] ने भरत के आठ नाट्य-रसों को ‘रसवत्’ नाम के अलंकार में समेट कर एक ओर रस के महत्व को कम किया तो दूसरी ओर अलंकार की व्यापकता को बढ़ाकर समस्त काव्य को उसकी परिधि में समेटने का प्रयास किया। जैसा  कि मम्मट की काव्य परिभाषा से स्पष्ट है कि अलंकार के बिना भी श्रेष्ठ कविता हो सकती है। पर इसके साथ ही यह भी प्रमाणित है कि केवल अलंकार के बल पर भी श्रेष्ठ कविता होती है। दण्डी द्वारा अलंकार को ‘काव्य शोभाकर धर्म’ कहना थोड़ा भ्रामक है क्योंकि अलंकार कोई ऐसी वस्तु नहीं है जिसे कविता से प्रथक करके देखा जा सके। अलंकार और अलंकार्य का भेद, जिसे आचार्य रामचन्द्र शुक्ल ने बड़ा महत्व दिया है निराधार और निरर्थक है। ‘बिन पद चलै सुनई बिनु काना, कर बिनु करम करइ विधि नाना’, में से विभावना अलंकार को तथा ‘जिनके रही भावना जैसी, प्रभु मूरति तिन्ह देखी तैसी’ में से ‘उल्लेख अलंकार’ को निकाल देने पर ऐसा क्या बचा रहता है, जिसे अलंकार्य या कविता कहा जा सके। इसी प्रकार निम्नांकित छंदों में से क्रमशः विरोधाभास और यमक अलंकारों के चमत्कार को हटा देने पर जो अलंकार्य बचेगा उसे कविता कहना कठिन है-
'बंदउ मुनि पद कंज रामायन जेहि निरमयऊ 
सखर सुकोमल मंजु, दोष रहित दूषन रहित..'

अथवा

'कनक कनक ते सो गुनी मादकता अधिकाय
वा खाये बौरात  नर, या पाये बौराय।'
इस प्रकार यह सिद्ध है कि अलंकार एक काव्यांग अवश्य है, काव्य का अनिवार्य तत्त्व नहीं।  


डॉ. राकेश गुप्त के कथन से स्पष्ट है कि अलंकार को एक काव्यांग के रूप में स्वीकार किया जा सकता है, न कि काव्य का कोई अनिवार्य तत्त्व के रूप में। लेकिन डॉ. गुप्त का यह कथन अन्तर्विरोधों को भी दर्शाता है। एक तरफ तो डॉ. गुप्त यह स्वीकारते हैं कि अलंकार के बिना श्रेष्ठ कविता हो सकती है, दूसरी तरफ उनका यह भी कहना है कि केवल अलंकार के बल पर भी श्रेष्ठ कविता होती है।
यदि अलंकार के बल पर ही कविता श्रेष्ठ हो सकती है तो ऐसी स्थिति में अलंकार आत्मतत्त्व के रूप में प्रतिष्ठित नहीं हो जाता? ‘‘बिन पद चलै खुनै बिनु काना, कर बिनु करम करे विधि नाना’’ में से विभावना अलंकार को निकाल देने के बाद क्या ऐसा कुछ बचा नहीं रह जाता जिसे कविता कहा जाये? पैरों से चलने, कानों से सुनने, हाथों से नाना प्रकार के कर्म करने में क्या इस गत्यात्मक ऊर्जा के माध्यम से श्रेष्ठ कविता तक नहीं पहुंचा जा सकता? मुख्य तथ्य तो यह है कि आत्म रूप को प्रस्तुत करने के लिये इस कविता में अलंकार को लाया गया है, जिसके माध्यम से विधि का अद्भुत और अलौकिक कर्म प्रकट होता है। कवि की दृष्टि भी इसी पर ही है। इसी प्रकार उल्लेख अलंकार की सार्थकता भी दोष दूषन रहित उस रूप को प्रकट करने में है जो सृजन का नियामक है। इसी कारण वह श्रद्धेय और वंदनीय है।’’ श्रद्धेय और वंदनीय रूप को प्रस्तुत करने के संदर्भ में यहां उल्लेख अलंकार मात्र साधन है, साध्य तो वह आत्मरूप है जिसकी ‘रागात्मक चेतनता’ सृजनात्मकता, सुकोमलता और कृपा में अन्तर्निहित है।
‘कनक, कनक ते सौ गुनी, मादकता अधिकाय, जा खाये बौरात नर, या पाये बौराय’’ से कनक को अगर कनक से अलग करके भी देखा जाय तो इन दोनों वस्तुओं का नर को बौरा देने का गुणधर्म समाप्त नहीं हो जाता। कवि ने बात को एक ही शब्द के दो बार प्रयोग से कविता में जो चमत्मकार पैदा किया है, इस चमत्कार का मूल प्रयोजन दोनों के मादक स्वरूप को एक साथ दर्शाना है। अतः यहां भी ‘यमक’ आत्मतत्त्व न होकर गौण तत्त्व ही है। कुल मिलाकर अलंकार काव्य के आत्म रूप के प्रस्तुत करने का एक तरीका-भर है, जिसे डॉ. राकेश गुप्त ‘काव्यांग’ मानते हैं। अगर डॉ. राकेश गुप्त द्वारा उल्लेखित कविताओं से इसी आत्मरूप की निकाल दिया जाये तो निस्संदेह यह अलंकार निर्जीव हो जायेंगे और इनकी सार्थकता व्यर्थ। अतः डॉ. गुप्त का यह कथन कि-‘अलंकार के बल पर भी श्रेष्ठ कविता होती है’ प्रामाणिक नहीं माना जा सकता। इस बात को निम्न उदाहरण देकर स्पष्ट किया जा सकता है।
मेरी तरनी को तारौ तारनहार
ए फंसि गयी भव सागर भंवर में
लोककवि रामचरन गुप्त की इन पंक्तियों में अनुप्रास अलंकार है और इस अनुप्रास के माध्यम से कवि ने ईश्वर से भंवर में फंसी हुई नाव को तट तक पहुंचाने की ईश्वर से प्रार्थना की है। क्योंकि कवि वह मानता है कि प्रभु ही इस कार्य को कर सकते हैं क्योंकि वे पहले ‘‘ऐसा करते आये हैं’। यहां देखें तो प्रभु के आत्मरूप को प्रकट करने के लिये ‘जो ‘सत्योन्मुखी रागात्मकता’ से युक्त है, जिसमें दीनों पर दया  का रूप संकटग्रस्त को संकट से उबारने की क्षमता विद्यमान है, अनुप्रास अलंकार का प्रयोग किया है। इसी बात को कोई दूसरा कवि इस प्रकार भी कह सकता है-
मेरी नैया फंसी भंवर में
प्रभु जी पार लगाओ
इस कविता में अलंकार का कोई सहारा नहीं लिया गया है, किन्तु क्या इसके कविता होने पर शंका की जा सकती है?
कहने का तात्पर्य यह है कि अलंकार तो मात्र कविता के आत्मरूप को व्यक्त करने में सहायक होते हैं। अतः अलंकारों की आत्म रूप में प्रतिष्ठा व्यर्थ है।

                               ★★★★★★★

Comments

Popular posts from this blog

मुर्गों ने जब बाँग देना छोड़ दिया..

                मत बनिए मुर्गा-मुर्गी! एक आदमी एक मुर्गा खरीद कर लाया।.. एक दिन वह मुर्गे को मारना चाहता था, इसलिए उस ने मुर्गे को मारने का बहाना सोचा और मुर्गे से कहा, "तुम कल से बाँग नहीं दोगे, नहीं तो मै तुम्हें मार डालूँगा।"  मुर्गे ने कहा, "ठीक है, सर, जो भी आप चाहते हैं, वैसा ही होगा !" सुबह , जैसे ही मुर्गे के बाँग का समय हुआ, मालिक ने देखा कि मुर्गा बाँग नहीं दे रहा है, लेकिन हमेशा की तरह, अपने पंख फड़फड़ा रहा है।  मालिक ने अगला आदेश जारी किया कि कल से तुम अपने पंख भी नहीं फड़फड़ाओगे, नहीं तो मैं वध कर दूँगा।  अगली सुबह, बाँग के समय, मुर्गे ने आज्ञा का पालन करते हुए अपने पंख नहीं फड़फड़ाए, लेकिन आदत से, मजबूर था, अपनी गर्दन को लंबा किया और उसे उठाया।  मालिक ने परेशान होकर अगला आदेश जारी कर दिया कि कल से गर्दन भी नहीं हिलनी चाहिए। अगले दिन मुर्गा चुपचाप मुर्गी बनकर सहमा रहा और कुछ नहीं किया।  मालिक ने सोचा ये तो बात नहीं बनी, इस बार मालिक ने भी कुछ ऐसा सोचा जो वास्तव में मुर्गे के लिए नामुमकिन था। मालिक ने कहा कि कल...

ये अमीर, वो गरीब!

          नागपुर जंक्शन!..  यह दृश्य नागपुर जंक्शन के बाहरी क्षेत्र का है! दो व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सो रहे हैं। दोनों की स्थिति यहाँ एक जैसी दिख रही है- मनुष्य की आदिम स्थिति! यह स्थान यानी नागपुर आरएसएस- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राजधानी या कहिए हेड क्वार्टर है!..यह डॉ भीमराव आंबेडकर की दीक्षाभूमि भी है। अम्बेडकरवादियों की प्रेरणा-भूमि!  दो विचारधाराओं, दो तरह के संघर्षों की प्रयोग-दीक्षा का चर्चित स्थान!..एक विचारधारा पूँजीपतियों का पक्षपोषण करती है तो दूसरी समतामूलक समाज का पक्षपोषण करती है। यहाँ दो व्यक्तियों को एक स्थान पर एक जैसा बन जाने का दृश्य कुछ विचित्र लगता है। दोनों का शरीर बहुत कुछ अलग लगता है। कपड़े-लत्ते अलग, रहन-सहन का ढंग अलग। इन दोनों को आज़ादी के बाद से किसने कितना अलग बनाया, आपके विचारने के लिए है। कैसे एक अमीर बना और कैसे दूसरा गरीब, यह सोचना भी चाहिए आपको। यहाँ यह भी सोचने की बात है कि अमीर वर्ग, एक पूँजीवादी विचारधारा दूसरे गरीबवर्ग, शोषित की मेहनत को अपने मुनाफ़े के लिए इस्तेमाल करती है तो भी अन्ततः उसे क्या हासिल होता है?.....

जमीन ज़िंदगी है हमारी!..

                अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) में              भूमि-अधिग्रहण                         ~ अशोक प्रकाश, अलीगढ़ शुरुआत: पत्रांक: 7313/भू-अर्जन/2023-24, दिनांक 19/05/2023 के आधार पर कार्यालय अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स के नाम से 'आवासीय/व्यावसायिक टाउनशिप विकसित' किए जाने के लिए एक 'सार्वजनिक सूचना' अलीगढ़ के स्थानीय अखबारों में प्रकाशित हुई। इसमें सम्बंधित भू-धारकों से शासनादेश संख्या- 385/8-3-16-309 विविध/ 15 आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग-3 दिनांक 21-03-2016 के अनुसार 'आपसी सहमति' के आधार पर रुस्तमपुर अखन, अहमदाबाद, जतनपुर चिकावटी, अटलपुर, मुसेपुर करीब जिरोली, जिरोली डोर, ल्हौसरा विसावन आदि 7 गाँवों की सम्बंधित काश्तकारों की निजी भूमि/गाटा संख्याओं की भूमि का क्रय/अर्जन किया जाना 'प्रस्तावित' किया गया।  सब्ज़बाग़: इस सार्वजनिक सूचना के पश्चात प्रभावित ...